सिरसा: पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन व वन विभाग का अधिकारी निलंबित

Spread the love

सिरसा, 30 जनवरी । हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को सिरसा में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिले के गांव कालुआना में हरे पेड़ कटाई मामले में पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन विजय कुमार तथा वन विभाग के अधिकारी सुंदर सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए। गांव कालुआना के ग्रामीणों की ओर से हरे पेड़ काटने की शिकायत की थी। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर मिलकर हरे पेड़ काटने के आरोप लगाए थे।

इस मामले में जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता दीपक व गांव के सरपंच पर भी आरोप लगे। शिकायतकर्ता ने इन दोनों पर भी कार्रवाई की मांग की है और इस रंजिश में हमले करवाने पर मंत्री विज ने सरपंच पर केस दर्ज करने के डबवाली एसपी को आदेश दिए हैं। इसके अलावा झूठा एफिडेविट देने के मामले में भी अजय कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

पेड़ कटाई के इस मामले में मंत्री अनिल विज ने पिछली मीटिंग में अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी, जिसमें डीएसपी डबवाली व जिला वन मंडल अधिकारी को शामिल किया गया था। एडीसी द्वारा अपनी जांच रिपोर्ट मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री अनिल विज ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन विजय कुमार और वन विभाग के अधिकारी सुंदर सिंह को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। जलघर परिसर में 51 पेड़ काटने का जिम्मा वन विभाग को दिया गया था लेकिन मिलीभगत के चलते 31 अतिरिक्त पेड़ काट डाले गए। शिकायत के बाद भी मामले को दबाने की कोशिश की गई। एडीसी की जांच और वीडियोग्राफी में सच्चाई सामने आ गई। बैठक में 15 शिकायतें रखी गई, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज की बसों में ट्रैकिंग सिस्टम लगवाया जाएगा जिसमें यात्रियों को बस की सही लोकेशन का पता चल पाएगा, वहीं चालक भी बस को इधर-उधर से नहीं निकाल पाएगा। कांग्रेस द्वारा मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में किए जा रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर विज ने कहा कि कांग्रेस को नाम और विकास से नफरत है और 60 साल में कांग्रेस ने न तो बेरोजगारी दूर की और न ही गरीबी। अब जब राम मंदिर की स्थापना भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने की तो कांग्रेस को रामजी के नाम से भी नफरत होने लगी है।