कुंडली–मानेसर–पलवल एक्सप्रेसवे पर अवैध हथियार सहित दो गिरफ्तार

Spread the love

नूंह, 18 फ़रवरी । नूंह जिले के तावड़ू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केएमपी एक्सप्रेसवे पर दो युवकों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीआईए तावड़ू टीम द्वारा मोहम्मदपुर अहीर थाना क्षेत्र में की गई। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस ने बुधवार काे बताया कि सीआईए टीम अपराध जांच के सिलसिले में केएमपी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव धुलावट निवासी वारिस उर्फ मुल्ला तथा रोहित गांव कलियाकी के पास मोटरसाइकिल सहित किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं और उनके पास अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी के दौरान वारिस उर्फ मुल्ला के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि रोहित के पास से दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में दोनों आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों का आपराधिक प्रवृत्ति का होना सामने आया है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित वारदात की योजना को लेकर गहन जांच कर रही है। फिलहाल मोहम्मदपुर अहीर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।