उत्तरकाशी, 04 फ़रवरी । पहाड़ों पर ताजी बर्फबारी के बाद तेज धूप से मौसम खुशगवार हो गया है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री- यमुनोत्री धामों में बर्फबारी से दिलकश नज़ारा हो गया है। बुधवार से यहां तेज धूप से मौसम में ताजगी आ गई है।
बता दें कि बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क, बेहद ठंडा और मनोरम हो गया था। आसमान साफ होने से तेज धूप निकल रही है, लेकिन तापमान जमने के बिंदु से नीचे जाने के कारण कड़ाके की ठंड और शीतलहर जारी था। दिन में हल्की धूप से राहत मिल रही है, हालांकि रातें अत्यधिक ठंडी और बर्फीली बनी हुई हैं।
गौरतलब है कि रविवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया था। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों तक राज्य ऊंचाई वाले भागों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। 3 फरवरी तक चमोली, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। उधर, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री समेत कई स्थानों पर भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम खराब रहने से न्यूनतम तापमान में कमी आएगी और लोगों को दिन में भी सर्दी का एहसास हो गया ।
इस बीच जिले भर में बारिश की फुहारों के बीच कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। बाहर निकले लोगों के पैर जब बर्फ की चादर पर पड़े तो खूबसूरत नजारे का हर कोई कायल हो गया। दयारा बुग्याल, केदार कांठा में हुई बर्फवारी के बाद लोग मस्ती करने घरों से निकले और हर कोई बर्फ की चादर पर अपने निशान छोड़ गया।
बर्फ की सफेद चादर जब पहाड़ों पर बिछी तो जलती लाइटें किसी अलाव की तरह नजर आईं। सैलानियों की तो जैसे मन की मुराद पूरी हो गई है। पर्यटक अब यहां दिन की गुनगुनी धूप का आंनद उठा रहे हैं।