देहरादून, 09 अप्रैल । आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग अपनी तैयारियाें काे अंतिम रूप दे रहा है। यात्रा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 16 अप्रैल से प्रमुख स्थानों पर हाईटेक चेक पोस्ट सक्रिय हाे जाएंगी। एएनपीआर कैमरों से बॉर्डर क्षेत्रों में सख्त पहरा रहेगा।
संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि 30 मार्च से शुरू हुई ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के तहत अब तक 1500 से अधिक कार्ड जारी किए जा चुके हैं। हरिद्वार के अलावा रुड़की और आशारोड़ी में भी ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। यात्रा के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए हर्बर्टपुर बस अड्डा और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में स्थापित चेक पोस्टों पर बसों की अग्रिम जांच की जाएगी। इससे कटा पत्थर, भद्रकाली और तपोवन जैसे संवेदनशील मार्गों पर जाम की स्थिति को रोका जा सकेगा। इसके अलावा, लंबी दूरी से आने वाले चालकों के लिए आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रेस्ट पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां बेड और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्हाेंने बताया कि विभाग की ओर से आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हर्बर्टपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग में स्थापित चेक पोस्टों को वाई-फाई सुविधा से लैस किया गया है। इन केंद्रों पर ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। साथ ही, प्रवर्तन टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर वाहनों की तकनीकी फिटनेस और दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करेंगी। उन्हाेंने बताया किऋषिकेश को यात्रा का प्रमुख केंद्र मानते हुए यहां केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। श्रद्धालु टोल-फ्री नंबर 0135-2743432 पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
उन्हाेंने बताया कि सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में अत्याधुनिक एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। भद्रकाली, तपोवन, कटा पत्थर और नारसन बॉर्डर पर लगे ये कैमरे प्रत्येक वाहन की निगरानी सीधे मुख्यालय स्तर पर करेंगे, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।