गणतंत्र दिवस से पहले मिशन चंडाक के तहत पिथौरागढ़ में वृहद स्वच्छता अभियान

Spread the love

पिथौरागढ़, 25 जनवरी । सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार को 77वें गणतंत्र दिवस से एक दिन पहल जिला प्रशासन ने मिशन चंडाक के तहत पूरे जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, पर्यटक क्षेत्रों और बाजारों में बड़े पैमाने पर साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान कूड़ा-कचरा हटाया गया, झाड़ियों की कटाई की गई और नालियों की सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित किया गया।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के नेतृत्व में प्रशासन, एसएसबी, नगर निकायों एवं विभिन्न विभागों ने एकजुट होकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया। जिलाधिकारी ने अभियान में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस पर स्वच्छ और सुंदर पिथौरागढ़ जिले की पहचान बने, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, एसएसबी 55वीं वाहिनी के कमांडर आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जवान मौजूद रहे।