नैनीताल, 27 फ़रवरी । जिला बार संघ के प्रताप भैया सभागार में शुक्रवार को होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह की शुरुआत महिला अधिवक्ताओं द्वारा गणेश वंदना से की गई। अधिवक्ता राजेश त्रिपाठी ने हारमोनियम पर राधा-श्याम और कन्हैया से जुड़े पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए, जबकि सांस्कृतिक सचिव उमेश कांडपाल ने खड़ी होली सहित कुमाउनी लोकधुनों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी, बार संघ के अध्यक्ष भगवत प्रसाद, अपर जिला न्यायाधीश संजीव कुमार, सीनियर सिविल जज हर्ष यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन सहित अनेक न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि बार और बेंच एक परिवार की तरह हैं, जो सभी पर्व आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ मनाते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता कर रंगों के इस पर्व को आपसी भाईचारे और समन्वय के संदेश के साथ मनाया।