नैनीताल के बेलवाखान, जिरौली, रेकुना, बारगल एवं प्यूडा में तलाशी जा रही है 4जी टावरों के लिये भूमि

Spread the love

नैनीताल, 06 अप्रैल । जनपद में संचार सुविधाओं एवं मोबाइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला टेलीकॉम समिति की बैठक सोमवार को अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि दूरस्थ एवं शैडो क्षेत्रों में भी संचार व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा विद्युत बाधित होने की स्थिति में मोबाइल टावरों को 24 घंटे संचालित रखने हेतु पर्याप्त ईंधन एवं सौर प्रणाली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अवगत कराया गया कि प्रथम चरण में स्वीकृत 48 स्थानों पर 4जी टावर स्थापित कर दिए गए हैं। द्वितीय चरण में प्रस्तावित 10 टावरों में से 5 के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि शेष स्थानों बेलवाखान, जिरौली, रेकुना, बारगल एवं प्यूडा में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है। संबंधित उपजिलाधिकारियों को बीएसएनएल के साथ समन्वय कर शीघ्र भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि भारत नेट परियोजना के अंतर्गत 477 ग्रामों को जोड़ने का लक्ष्य है, जिसमें 288 ग्रामों में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण एवं संचार कार्यों में समन्वय बनाए रखते हुए कार्य समयबद्ध पूर्ण किया जाए। बैठक में जिओ संचार एजेंसी से आए प्रतिनिधियों ने हल्द्वानी नगर में कालूशाई मंदिर से तीनपानी-मंडी के मध्य होने वाले सड़क सुधारीकरण कार्य के दौरान भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर कार्य का प्रकरण रखा। इस पर लोनिवि, यूयूएसडीए व जिओ कंपनी के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वहीं एयरटेल से आये प्रतिनिधियों ने जिले के दो स्थानों में मोबाइल टावर लगाने के लिये भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।