तीसरे जुमे की नमाज अदा कर रोजेदारों ने मांगी अमनचैन और खुशहाली

Spread the love

हरिद्वार, 06 मार्च ।पवित्र रमजान के तीसरे जुमे पर रोजेदारों ने शहर एवं देहात की मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमनोचैन, तरक्की, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआएं मांगी।

ज्वालापुर की जामा मस्जिद के साथ भेल सेक्टर-1, ज्वालापुर मंडी की मस्जिद, अली मस्जिद, मनिहारों की मस्जिद, कुबा मस्जिद, मदीना मस्जिद, खजूर वाली मस्जिद, दर्जियों की मस्जिद के साथ देहात की मस्जिदों में भी उत्साह के साथ रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की गयी। भेल मस्जिद में मुफ्ती इंतजार ने माहे रमजान की बरकतों पर बयान देते हुए कहा कि रोजा जीवन के विभिन्न पहलुओं में सुधार की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान माह में अल्लाह की इबादत करनी चाहिए। कलाम पाक की तिलावत भी करें और इंसानियत की खिदमत में लगे रहें। गरीब निर्धन परिवारों की मदद करें। किसी का भी दिल ना दुखाएं। उन्होंने कहा कि अल्लाह ताल्हा रोजेदार को एक नेकी के बदले 70 नेकीयों से नवाजता है।

उन्होने फरमाया कि रोजे की हालत में झूठ, फरेब, चुगली नहीं करनी चाहिए। हाजी नईम कुरैशी ने कहा कि रोजा जीवन में बदलाव लाता है। पैगंबर मोहम्मद साहब की सुन्नतों पर अमल करते हुए आगे बढें। ईमान से ही इस्लाम की पहचान है। पवित्र रमजान इंसान को कर्तव्य की ओर अग्रसर करता है। देश की खुशहाली एवं सौहार्द, अमन चैन और भाईचारे के लिए दुआएं करें।