बागपत, 04 फ़रवरी । प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री व बागपत प्रभारी मंत्री जशंवत सैनी ने आज केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का एक सशक्त और दूरदर्शी विजन डॉक्यूमेंट है।
वे बुधवार को बागपत भाजपा जिला कार्यालय में केंद्रीय बजट पर प्रेस वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने आमजन की सुविधाओं, नवाचार, आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और समावेशी विकास पर निरंतर ध्यान केंद्रित किया है। इसी सोच का स्पष्ट प्रतिबिंब बजट 2026-27 में भी देखने को मिलता है, जिसे किसान, युवा, महिला, उद्यमी और मध्यम वर्ग सहित सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
योगी सरकार के मंत्री ने कहा कि सरकार ने आधारभूत संरचना को अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानते हुए इसमें अब तक का सबसे निरंतर और मजबूत निवेश किया है। वर्ष 2014-15 में जहां इन्फ्रा बजट मात्र 2 लाख करोड़ रुपये था, वहीं इसे चरणबद्ध रूप से बढ़ाकर अब 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने बजट को जनकल्याणकारी और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और नगरीय विकास में बड़े निवेश का प्रावधान किया गया है, जिससे बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह, जिला अभियान संयोजक डॉ विनय त्यागी, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज, अश्वनी त्यागी, कवरपाल गुर्जर, जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सचिन आर्य, सतेन्द्र मौर्य, अमित उपाध्याय, श्रीओम कश्यप, नगर अध्यक्ष संदिप वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।