उरई, 24 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज जालौन के माधौगढ़ स्थित अमृता पैलेस में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का जिला और विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बसपा के मंडल के प्रभारी लालाराम अहिरवार ने माधौगढ़ विधानसभा सीट से कुरौली निवासी आशीष पांडेय को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा के बुंदेलखंड चित्रकूट मंडल के प्रभारी लालाराम अहिरवार ने सम्मेलन में आशीष पांडेय के नाम की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सोच-समझकर उन्हें माधौगढ़ विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बसपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और 2027 का चुनाव संगठन की मजबूती, अनुशासन और जनसमर्थन के दम पर लड़ा जाएगा। अहिरवार ने कहा कि पार्टी की नीतियां “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” के सिद्धांत पर आधारित हैं और गरीब, दलित, पिछड़े, किसान, युवा व व्यापारी वर्ग के सम्मान और विकास के लिए बसपा लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। माधौगढ़ से प्रत्याशी घोषित होने के बाद आशीष पांडेय ने बसपा सुप्रीमो मायावती और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। प्रमुख रूप से झांसी मंडल प्रभारी डॉ. बृजेश जाटव, रविकांत मौर्य, विधानसभा प्रभारी माधौगढ़ राजकुमार पड़रिया, विधानसभा अध्यक्ष सरदार सिंह चौधरी, प्रभारी मानवेंद्र निरंजन, उपाध्यक्ष दीपू राजावत, कोषाध्यक्ष रोहित दीक्षित, सचिव हरदासपाल, नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गौतम, मंडल प्रभारी इकलाख, चेतन दयालु तथा कोंच नगर अध्यक्ष महेंद्र कुशवाहा सहित कई नेता उपस्थित रहे। अंत में कार्यकर्ताओं ने 2027 में बसपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।