प्रयागराज, 17 फ़रवरी । सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कर्पूरी ठाकुर का आजीवन संघर्ष भारतीय लोकतंत्र की समावेशी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनको जनहित के कारण जननायक की उपाधि मिली। यह बातें मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिविल लाइन स्थित कार्यालय में भारत रत्न से सम्मानित, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ‘जननायक’ कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करने बाद महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।
संजय गुप्ता ने कहा कि उन्होंने जनकल्याण के लिए कई बड़े कदम उठाए। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महानगर प्रभारी मनोज कुमार कुशवाहा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के विचार और आदर्श युगों-युगों तक लोकतंत्र के सजग प्रहरियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। सादगी के प्रतीक और सामाजिक न्याय के मसीहा जननायक ने अपना सम्पूर्ण जीवन सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। इस अवसर पर सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रयागराज वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभा शंकर पांडेय, पार्षद राजू शुक्ला, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा,, अरुण पटेल मयंक दुबे, प्रयाग दत्त गुप्ता, पार्षद रितेश मिश्रा, पार्षद नीरज गुप्ता,अजय सिंह, निर्दोष सिंह गोलू, राघवेंद्र मिश्र, संदीप श्रीवास्तव, गोपाल श्रीवास्तव, विश्वास श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी, दीपेश केसरवानी आदि उपस्थित रहे।