अपहरण मामले का आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

प्रयागराज, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित औद्योगिक थाने की पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित एक आरोपित को मंगलवार गिरफ्तार करते हुए अपहृत नाबालिग को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर ने बताया कि औद्योगिक थाने में पीड़ित की तहरीर पर 9 मार्च को मुकदमा अपराध संख्या 34/26 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि विपक्षी युवक वादी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तलाश शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने करछना रेलवे स्टेशन के पास से अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू विश्वकर्मा पुत्र बिरई विश्वकर्मा निवासी हुल्का थाना मेजा के रूप में हुई है। विवेचना के दौरान मामले में धारा 64(2) बीएनएस तथा 5/6 पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी गई है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल, महिला उपनिरीक्षक कुसुमलता, महिला कांस्टेबल बिन्दू पाल तथा कांस्टेबल पवन मिश्रा शामिल रहे।