श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थ पहुंचे लाखों श्रद्धालु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने किया स्वागत

Spread the love

वाराणसी, 15 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालुओं एवं शिव भक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ पड़ी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थ आए श्रद्धालुओं का स्वागत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने गुलाब के फूलों से किया।

विश्व भूषण मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ बाबा के अलौकिक दर्शन करने के लिए लाखों की संख्या में लोगों का पहुंचना हुआ है। शनिवार रात्रि दो बजे से ही शिव भक्तों, श्रद्धालुओं ने पंक्ति में स्थान बना लिया था। सुबह सात बजे तक करीब दो लाख के ऊपर श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया है।

महाशिवरात्रि की प्रातः काल से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में ज्ञानवापी एवं घाट की ओर से श्रद्धालुओ की लंबी पंक्तियां लग गई। वाराणसी में गोदौलिया, नीचीबाग, बुलानाला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुट गए। वही, वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस भी व्यवस्थाओं को संभालने में चुस्त दुरुस्त रही। ड्यूटी में तैनात रहे पुलिसकर्मियों ने मंदिर मार्गों पर वाहनों को सुबह सवेरे ही पूरी तरह से रोका। बेनियाबाग, रामापुरा, मदनपुरा, मैदागिन से वाहनों को आगे जाने के लिए नहीं छोड़ा गया। इस दौरान वीआईपी पास लगे वाहनों को रोक कर मैदागिन पार्किंग में भेज दिया गया।