चलती लाइन से ट्रांसफार्मर का कॉपर चोरी, बिजली गुल

Spread the love

स्थानीय निवासियों और वार्ड सभासद सुमित वर्मा के अनुसार अचानक क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। शुक्रवार को लोगों ने इसे सामान्य तकनीकी फॉल्ट मानकर ध्यान नहीं दिया। विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों ने ट्रांसफार्मर के पास जाकर जांच की। मौके पर ट्रांसफार्मर कटा-फटा हालत में पड़ा मिला। उसके अंदर से कॉपर वायर सहित अन्य कीमती उपकरण गायब थे। बिजली न होने के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है। इसके अलावा घरों में लगे मोटर, मोबाइल चार्जिंग और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना वार्ड सभासद द्वारा तत्काल विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी एमपी सिंह को दी गई। उपखंड अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।