वाराणसी,22 जनवरी । बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी माघ शुक्ल पंचमी वसंत पंचमी पर्व मनाने और मां सरस्वती के आराधना के लिए तैयारी में जुटी हुई है। शुक्रवार को पर्व मनाया जाएगा। पंचमी तिथि का शुभारंभ शुक्रवार तड़के 02:29 बजे शुरू होगा जो 23 जनवरी की मध्यरात्रि उपरांत 24 जनवरी की भोर 01:46 बजे तक प्रभावी रहेगी। पर्व को लेकर वाराणसी नगर निगम ने भी पूरी तैयारी की है। महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वसंत पंचमी व आगामी महाशिवरात्रि पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। महापौर व नगर आयुक्त ने वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि त्योहारों से पहले शहर की सूरत बदली हुई नजर आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कोताही अक्षम्य होगी।
वसंत पंचमी पर आयोजित होने वाले सरस्वती पूजा उत्सव को लेकर महापौर ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और नियमित रूप से चूने का छिड़काव सुनिश्चित हो। इसके साथ ही पूजा समितियों और संचालकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है ताकि किसी भी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो या गंदगी की समस्या न रहे। महापौर ने मां सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अस्थायी कुंडों का निर्माण व जो कुंड पहले से बने हुए हैं, उनकी तत्काल सफाई कराकर उनमें पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विसर्जन के समय भक्तों को असुविधा न हो और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके।
—महाशिवरात्रि से पहले सुधरेंगे मार्ग
महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दरबार सहित शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर ने मार्गों को दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि शिव भक्तों के आवागमन वाले सभी मार्गों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को समय रहते ठीक कर लिया जाए।