45 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ

Spread the love

भागलपुर, 03 फ़रवरी । भागलपुर के साहेबगंज में बने 45 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ने मंगलवार से काम करना शुरू कर दिया है। नमामि गंगे परियोजना के तहत बने इस प्लांट का निरीक्षण भागलपुर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और बुडको के अधिकारी राजेश कुमार ने किया।

महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने बताया कि प्रयागराज के बाद भागलपुर में यह नमामि गंगे के तहत एक अहम प्रोजेक्ट है। फिलहाल सूर्यलोक कॉलोनी, अलीगंज और टीएमबीयू पंपिंग स्टेशन से आने वाले नाली के गंदे पानी को यहां शुद्ध किया जा रहा है। प्लांट में गंदा पानी कई चरणों से होकर गुजरता है। जहां ठोस कचरे को अलग करने के बाद सूक्ष्मजीवों की मदद से पानी को साफ किया जाता है। 15 फरवरी तक पानी की गुणवत्ता जांच के लिए लैब पूरी तरह चालू हो जाएगी।

प्लांट के शुरू होने से अब शहरी इलाकों का गंदा पानी सीधे गंगा में नहीं जाएगा। जिससे बदबू, मच्छर और बीमारियों पर नियंत्रण होगा। आने वाले समय में शहर के अन्य पंपिंग स्टेशन भी इससे जोड़े जाएंगे। प्लांट से निकलने वाले कचरे से मिथेन गैस बनाकर लगभग 300 केवीए बिजली का उत्पादन होगा। जिससे प्लांट का संचालन किया जाएगा। इस परियोजना के लिए महापौर ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।