दिल्ली-एनसीआर में रविवार को छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी की संभावना

Spread the love

दिल्ली-एनसीआर में रविवार को छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी की संभावना

नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली एनसीआर में अगले 24 घंटों में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 02 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 04 डिग्री सेल्सियस तक और अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 07 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा।

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 12 किमी प्रति घंटे से कम की हवा की गति के साथ मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहा। शनिवार को दोपहर में उत्तर-पूर्व दिशा से 14 किमी प्रति घंटे से कम की हवा की गति के साथ मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहा।

आईएमडी की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने शनिवार को मीडिया को बताया कि शनिवार को उत्तर हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और आसपास के इलाकों पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। दिल्ली में अगले 3-4 दिनों तक अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा, न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और सतही हवाओं के कमजोर होने के कारण 3-4 दिनों के बाद दोनों में वृद्धि होगी।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आज रात एवं कल 16 मार्च 2025 सुबह के समय गरज और बिजली के साथ ओलावृष्टि, तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) की संभावना है।

रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। बहुत हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी की संभावना है। तेज़ सतही हवाएं (गति 25-35 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से चलेगी। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहेगा। सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। तेज़ सतही हवाएं (गति 25-35 किमी प्रति घंटे) चलेंगी।

दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय मुख्य सतही हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 06-08 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। दोपहर में हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर उत्तर-पश्चिम दिशा से 14-16 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। शाम और रात के दौरान यह उत्तर-पश्चिम दिशा से 08 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी।

अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

15-18 मार्च के दौरान ओडिशा में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। 15-17 मार्च के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में और 15 और 16 मार्च के दौरान झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाके, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना और 18 और 19 मार्च को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में लू की स्थिति रहने की संभावना है। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है और 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और 16 मार्च को उत्तराखंड में भारी वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना है और उसके बाद यह कम हो जाएगी। अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना है।

—————