नाहन, 03 फ़रवरी । बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सराहां में ‘नई सोच समूह’ के सदस्यों ने विकास खण्ड पच्छाद के अधीनस्थ आंगनवाड़ी केन्द्रों में पढ़ रहे नन्हे मुन्ने नौनिहालों के लिए 100 गर्म ऊनी स्वेटर अपनी ओर से बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक चौहान को भेंट किए। नई सोच समूह के संयोजक संजय अत्री ने बताया कि उक्त समूह जरूरतमंद बच्चों एवं हाशियाकरण के शिकार समाज के अन्य वंचित वर्गों के उत्थान एवं सहायता हेतु एक स्वयं सेवी संगठन के रूप में कार्य कर रहा है तथा इस से पूर्व भी ग़रीब बच्चों की मदद के साथ साथ कोविड जैसी विभीषिका में भी समाज हित के कार्य करता आया है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक चौहान ने बताया कि उन्होंने नई सोच समूह से उनके अधीनस्थ आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ रहे नन्हे मुन्हें बाल बालिकाओं हेतु 50 स्वेटर प्रदान करने हेतु आग्रह किया था लेकिन समूह ने उनके कार्यालय आकर 100 स्वेटर भेंट कर एक प्रेरणादायक कार्य किया है।