किशनगंज, 26 मार्च । शहर के रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में गुरुवार को चैत नवरात्र के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता गौरी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धा और भक्ति के माहौल में पूजा संपन्न हुई। गुरु साकेत के सानिध्य में आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।
पुरोहित गुरु साकेत ने बताया कि चैत नवरात्र का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस अवसर पर न केवल किशनगंज, बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए महाकाल मंदिर पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के साथ महाकाल बाबा की भी विधिवत पूजा की जाती है। शाम के समय मंदिर में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा।