जांजगीर-चांपा, 11 फरवरी (हि. स.)। ब्लॉक मुख्यालय बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पोड़ीशंकर चौक में चांपा–बिर्रा मार्ग पर आज बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस स्टैंड बम्हनीडीह चौक पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जो करीब चार घंटे तक चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरुण बंजारे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा। दुर्घटना में माेटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस के प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं आरक्षक अमीर पैकरा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शव उठाकर बस स्टैंड बम्हनीडीह चौक पर रख दिया और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान चांपा–बिर्रा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम पवन कोसमा, एसडीओपी यदुमनि सिदार, थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह, नायब तहसीलदार चंद्रकुमार साहू सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। काफी समझाइश के बाद भी ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों एवं वाहन मालिक से चर्चा की। उनकी पहल पर वाहन मालिक द्वारा मृतक के पिता को तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, वहीं प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये अलग से प्रदान किए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और आवागमन बहाल हो सका।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष, गगन जयपुरिया ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है और एक युवा की असमय मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए पीड़ादायक है। पीड़ित परिवार को मांगानुसार तत्काल आर्थिक सहायता दिलाई गई है तथा आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही प्रशासन को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।