शादी होने से पहले युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान

Spread the love

हमीरपुर, 27 जनवरी । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ दिन बाद ही उसकी शादी होने वाली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी।

थाना प्रभारी रामआसरे सरोज ने मंगलवार को बताया कि कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव निवासी योगेश कुमार (21) ने सोमवार रात घर के बाहर लगे आँवले के पेड़ पर साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को परिजनों ने बेटे का शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पिता उत्तम सोनकर ने बताया कि योगेश मेला आदि में जाकर कपड़े की दुकान लगाता था। 22 जनवरी को ही चित्रकूट से वापस लौटा था। कस्बा कुरारा में उसकी शादी भी तय कर दी थी और जल्द ही विवाह भी होना था। उसने किन कारणों से फांसी लगाई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हैं।