ट्रक से 400 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद,

Spread the love

मऊ, 20 जून । जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मोहम्मदाबाद-नदवासराय मार्ग पर सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जांच के दौरान ट्रक संख्या (एचआर 39 डी 5275) की तलाशी लेने पर उसमें 400 पेटी अंग्रेजी शराब मिली।

बरामद शराब की पेटियों पर “ फॉर सेल इन पंजाब ऑनली अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध रूप से उत्तर प्रदेश में लाया जा रहा था। तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए ट्रक में रखी भूसी की बोरियों के नीचे रखा था, ताकि जांच के दौरान उस पर किसी की नजर न पड़े। आबकारी टीम की सतर्कता के चलते इस तस्करी का भंडाफोड़ हो सका।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मनीष कुमार निवासी बाड़मेर, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन, वाहन से संबंधित अभिलेख तथा दो हजार नकद भी बरामद किए गए। बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर चालक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1910 की धारा 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बरामद शराब के स्रोत तथा तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद गोहना सहित विभाग की अन्य टीम भी मौजूद रही।