मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले कुछ दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान माउंट आबू को छोड़कर फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नागौर, जालोर, सिरोही, दौसा, चूरू और सीकर में भी तापमान सात से नाै डिग्री के बीच रहा। जबकि अन्य अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर मापा गया। करौली, बारां, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, पिलानी, अलवर और भीलवाड़ा जैसे शहरों में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, जिससे ठंड में थोड़ी ढील महसूस की गई।
प्रदेश के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में स्मॉग के कारण दृश्यता कुछ समय तक प्रभावित रही। बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, नागौर, जयपुर, अलवर, भरतपुर और झुंझुनूं में सुबह के समय धुंध की परत बिछी हुई नजर आई। इस वजह से धूप का प्रभाव कमजोर रहा और दिनभर हल्की ठंडक महसूस होती रही।
दिन के अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट आई। बाड़मेर शुक्रवार को सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, पिलानी, फतेहपुर और जालोर जैसे शहरों में तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहा। जयपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के करीब मापा गया।