त्योहारी सीजन के बीच खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 220 किलो मिठाई मौके पर ही नष्ट करवा दी। विभागीय टीम ने एक मिठाई की दुकान से कलाकंद, रसगुल्ला और बर्फी के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय शिकायत के आधार पर विभाग की टीम टपूकड़ा कस्बे पहुंची थी। टीम ने नरेश कुमार पुत्र विजय सिंह, निवासी खोहरी खुर्द, टपूकड़ा की दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कलाकंद, रसगुल्ला और बर्फी के नमूने लिए। इन नमूनों को अग्रिम जांच के लिए खाद्य सुरक्षा लैब भेजा गया है।
खाद्य नमूने लेने के बाद विभागीय टीम ने मौके पर मौजूद मिठाइयों की जांच की। टीम के अनुसार मिठाइयों में बदबू और फफूंद लगी हुई पाई गई। इसके बाद करीब 220 किलो मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार त्योहारी सीजन में बाहर से आने वाले अस्थाई विक्रेताओं और छोटी दुकानों पर भी निगरानी रखी जा रही है। विभाग को ऐसी कुछ दुकानों पर खाद्य सुरक्षा संबंधी पंजीकरण नहीं होने की शिकायतें भी मिली थीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, साफ-सफाई और गुणवत्ता का ध्यान रखें। मिठाई में बदबू, फफूंद या किसी तरह का असामान्य बदलाव दिखाई देने पर उसे खरीदने से बचें।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मौजूद रहे।