जयपुर, 15 अक्टूबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजस्थान में पार्टी के भीतर गुटबाजी और कुर्सी की खींचतान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा और निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस को आईना दिखा चुकी है और आगामी पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ती वैश्विक शक्ति और मजबूत होती प्रतिष्ठा से कुछ विदेशी ताकतें चिंतित हैं। ऐसी ताकतें भारत की विकास यात्रा को बाधित करने और देश को कमजोर करने के प्रयास कर सकती हैं। राठौड़ ने कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने के उद्देश्य से विदेशी फंडिंग के माध्यम से कुछ लोगों और समूहों को सक्रिय किया जा रहा है। राहुल गांधी और उनके साथ सक्रिय कुछ अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठते हैं। राजनीतिक विरोध के नाम पर ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिनसे देश की एकता, स्थिरता और विकास की गति प्रभावित हो सकती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि लोकतंत्र बचाने का ढोंग करने वाले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, नेहा वोहरा जैसे लोगों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं, जो बांग्लादेशी आंदोलन को “रास्ता दिखाने वाला” बताते हैं। वहीं राहुल गांधी स्वयं यह कह चुके हैं कि उनकी लड़ाई भाजपा या आरएसएस की विचारधारा से नहीं, बल्कि सीधे तौर पर ‘इंडियन स्टेट’ (भारतीय संविधान और भारतीय लोकतंत्र) के खिलाफ है। राठौड़ ने कहा कि खुद को लोकतंत्र का रक्षक बताने वाली कांग्रेस, नेहा वोहरा के साथ खड़ी होकर भारत के लिए हिंसक मॉडल क्यों चुन रही है?, यह समझ से परे है। देश में चल रहे षडयंत्र को देशवासी देख रहे है और समझ रहे है। भारत की विकास यात्रा को रोकने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। भारत की बढ़ती सामर्थ्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती भूमिका से देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। ऐसे समय में देश को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास के प्रति सजग रहना आवश्यक है। राठौड़ ने कहा कि देश की जनता को राजनीतिक गतिविधियों और उनके पीछे की मंशा को समझते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। भारत की एकता, अखंडता और स्थिरता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश विरोधी गतिविधियों अथवा विदेशी हस्तक्षेप से जुड़े किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ सके।