गुरुग्राम, 25 जनवरी । यहां एक ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के भतीजे की कार में एक बस ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर नशे में बस चला रहा था। इससे पहले कि उसे पकड़ा जाता, वह मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सीता राम सिंगला चौक (मोर चौक) पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर का भतीजा राजकमल गाड़ी में रेड लाइट पर रुका हुआ था। इसी बीच पीछे से एक बस लेकर आ रहे ड्राइवर ने उसकी कार में टक्कर मार दी। कार में टक्कर लगने पर राजकमल कार से उतरा और बस की तरफ गया। उसने ड्राइवर के पास जाकर बात की तो उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। इसी बीच पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त किया। इससे पहले ड्राइवर मौका पाकर वहां से फरार हो चुका था। राजकमल ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।