हमीरपुर में गणतंत्र दिवस पर अनिरुद्ध सिंह ने फहराया तिरंगा

Spread the love

हमीरपुर, 26 जनवरी । 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को जिला हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित किया, जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स, आपदा मित्रों, विशेष बच्चों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया।

इस अवसर पर सभी जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी देशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर है। वर्ष 1950 को इसी ऐतिहासिक दिन को हमारे देश में संवैधानिक व्यवस्था लागू हुई और हमारा देश विश्वभर में सबसे बड़े लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि यह दिन उन महान सपूतों और देशभक्तों का स्मरण करने का दिवस भी है, जिन्होंने इस देश को स्वाधीनता दिलवाने में अनेक कुर्बानियां दीं।

हिमाचल प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का तीन वर्ष का सेवाकाल राज्य के चहुमुखी विकास और सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। प्रदेश के हित को सबसे ऊपर रखते हुए सरकार कड़े फैसले लेने से भी पीछे नहीं हटी और अब इसके सुखदायी नतीजे आना शुरू हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों को पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस प्रदान करते हुए सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है। संसाधनों के सही इस्तेमाल से राज्य को पिछले तीन वर्षों में 26,683 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई, जो पूर्व सरकार की इस अवधि की तुलना में 3800 करोड़ रुपये अधिक है।