जयपुर में लॉन्च हुआ अस्सी का ट्रेलर: तापसी पन्नू ने किया ऑन-ग्राउंड प्रमोशन

Spread the love

जयपुर, 03 फ़रवरी । अभिनेत्री तापसी पन्नू निर्देशक अनुभव सिन्हा की आगामी इन्वेस्टिगेटिव कोर्टरूम ड्रामा फिल्म अस्सी के जरिए एक बार फिर कोर्टरूम जॉनर में नजर आएंगी। फिल्म के मोशन पोस्टर को मिले शानदार प्रतिसाद के बाद प्रमोशन अभियान की शुरुआत मंगलवार को जयपुर से की गई। इस दौरान तापसी पन्नू ने फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया।

इस कार्यक्रम में फिल्म की टीम ने बड़े पर्दे पर ट्रेलर प्रदर्शित किया। जिसे तापसी ने मीडिया प्रतिनिधियों,पत्रकारों,फैंस और डिजिटल क्रिएटर्स के साथ देखा। उन्होंने फिल्म की कहानी,विषयवस्तु और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा भी की। फिल्म के मोशन पोस्टर ने पहले ही अपने सशक्त संदेश और गंभीर टोन के कारण दर्शकों में उत्सुकता पैदा कर दी थी। जयपुर में ट्रेलर शोकेस के दौरान दर्शकों ने फिल्म के कोर्टरूम माहौल और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी कहानी को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

फिल्म अस्सी एक तेज रफ्तार इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है। जो देश में रोजाना दर्ज होने वाले करीब 80 यौन उत्पीड़न मामलों की सच्चाई से प्रेरित है। फिल्म में तापसी पन्नू के साथ कनी कुसरुति,रेवती,मनोज पाहवा,कुमुद मिश्रा और मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं नसीरुद्दीन शाह,सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा विशेष प्रस्तुतियों में नजर आएंगे।

गुलशन कुमार और टी-सीरीज प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण बेनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा ने किया है। फिल्म 20 फरवरी 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।