शिमला में आईएसबीटी के पास युवक से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार

Spread the love

शिमला, 05 फ़रवरी । शिमला के आईएसबीटी के पास पुलिस ने एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बालूगंज शिमला के एएसआई पुनीत शर्मा अपनी टीम के साथ 5 फरवरी को आईएसबीटी के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि एक युवक, जो लंबे समय से ढली और सिमेट्री क्षेत्र में चिट्टा बेचने के काम में शामिल है, चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर आईएसबीटी पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

तलाशी लेने पर युवक के पास से 7.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान संदीप राणा उर्फ सैंडी (20) निवासी गांव रैत, पोस्ट ऑफिस धनशाली, जिला टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की खेप कहां से लाता था और इसे किन लोगों तक पहुंचाता था। मामले की आगे की जांच जारी है।