सूरजपुर, 21 अक्टूबर । महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह को ई-रिक्शा प्रदान किया गया। बुधवार को जिला पंचायत परिसर में जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले ने ग्राम पंचायत गिरवरगंज के इस समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा सौंपा और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ पाटले ने समूह की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि, शासन की आजीविकामूलक योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। ई-रिक्शा मिलने से समूह की महिलाओं को आय अर्जित करने का नया साधन मिला है, जिससे परिवार की आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह को बैंक लिंकेज के माध्यम से ई-रिक्शा खरीदने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके उपयोग से महिलाओं को नियमित आय अर्जित करने और अपनी आजीविका बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
स्वरोजगार का नया साधन मिलने से समूह की महिलाओं में उत्साह है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी, जिला पंचायत के कर्मचारी और स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।