भागलपुर, 06 फ़रवरी । सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर नरगाकोठी चंपानगर भागलपुर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश के छात्रों के लिए आयोजित परीक्षा पे चर्चा 2026 को विद्यालय के भैया बहनों को विद्यालय के वंदना सभागार में दिखाया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि विगत कई वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के परीक्षार्थियों को उनका जीवन परीक्षा जैसे परिस्थितियों में कैसे संतुलित रहे इन विषयों को लेकर कार्यक्रम आयोजित है। आप लोगों को परीक्षा पे चर्चा में सामूहिक रूप से सहभागी बनने का अवसर मिले इस दृष्टिकोण से व्यवस्था बनाई गई है।
उन्होंने विद्यालय के सभी आचार्यों को भी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में सहभागी रहने के लिए बताया। आज विद्यालय के सभी भैया बहनों को सीखने का अवसर मिलेगा कि देश के अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग विद्यालय के छात्र प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछते हैं। प्रधानमंत्री किस प्रकार से उन प्रश्नों का समाधान करते हैं। वास्तव में यह प्रेरणादायी होता है इससे हम सबों को लाभान्वित होना है।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भैया बहनों को सीखने के लिए मिला कि शिक्षा बोझ नहीं होना चाहिए। शिक्षा ज्ञान के प्रति समर्पण है। केवल मार्क्स के लिए पढ़ाई सार्थक नहीं है। क्षमता, रुचि, योग्यता के अनुसार बच्चों को मौका मिलना चाहिए। सपने अवश्य देखना है किंतु सपनों को साकार करने हेतु कठिन परिश्रम करना है। हमें दैनिक उपयोग में स्वदेशी सामानों का उपयोग करना है। जिंदगी परीक्षा के लिए नहीं है। जीवन जीने की कला सीखने के लिए परीक्षा है। सभी छात्रों को परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।