पानीपत, 08 फ़रवरी । पानीपत बस स्टैंड पर जहरखुरानी गिरोह द्वारा एक युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने के पश्चात बैंक में ले जाकर हजारों रुपए लूट लिए। होश में आने के पश्चात युवक ने थाना सेक्टर 29 में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में गन्नौर निवासी अमरजीत ने बताया कि छह फरवरी की देर शाम वह बस स्टैंड पर खड़ा था। वहां एक 22 वर्षीय युवती जिसके पास छह सात महीने का बच्चा था, और उसके साथ दो लड़के एक 14 साल व दूसरा 24 साल आए। आरोपियों ने अमरजीत को कुछ दिखाकर सुंघाया, जिसके बाद वह अपनी सुध-बुध खो बैठा।
बेहोशी की हालत में आरोपी पीड़ित को नांगल खेड़ी स्थित एचडीएफसी बैंक ले गए। वहां उन्होंने अमरजीत का फोन, एटीएम कार्ड और नकदी छीन ली। आरोपियों ने एटीएम और ऑनलाइन माध्यम से 84 हजार,4 चार सौ 84 रुपए निकाले और साथ ही ₹1800 नकद और फोन लेकर रफूचक्कर हो गए। होश आने पर अमरजीत ने थाना सेक्टर 29 में शिकायत दी। पुलिस ने दी गई शिकायत और बैंक से निकाली गई राशि की रसीद के आधार पर लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर संबंधित धाराओं तहत मामला दर्ज कर गिरोह के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है ।