मैट्रिक परीक्षा के दौरान बिगड़ी छात्रा की तबीयत, एसडीओ एंबुलेंस लेकर पहुंचे, समय पर इलाज से टली अनहोनी

Spread the love

गोपालगंज, 20 फ़रवरी ।मैट्रिक परीक्षा के दौरान शुक्रवार को एक परीक्षा केंद्र पर मानवता और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल देखने को मिली, जब परीक्षा दे रही एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने पर अनुमंडल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज सुनिश्चित कराया।

घटना उस समय हुई जब जिले के अरार मोड़ स्थित सीबीएससी जूनियर हाई स्कूल अरार मोड़ परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी काजल कुमारी की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। छात्रा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परीक्षा कक्ष में तैनात वीक्षक ने तत्काल इसकी सूचना केंद्र पर मौजूद वरीय दंडाधिकारी प्रफुल्ल कुमार सिंह को दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वरीय दंडाधिकारी ने तुरंत सदर एसडीओ अनिल कुमार को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसडीओ बिना समय गंवाए एम्बुलेंस के साथ परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर उन्होंने छात्रा की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की अफरातफरी न फैले तथा बीमार छात्रा को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सके, इसे ध्यान में रखते हुए एसडीओ और दंडाधिकारी ने स्वयं अपनी देखरेख में छात्रा को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। प्रशासन की इस तत्परता के कारण छात्रा को समय पर इलाज मिल सका, जिससे संभावित गंभीर स्थिति टल गई।

एसडीओ ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए संबंधित पदाधिकारी तत्पर हैं।