फरीदाबाद, 21 फरवरी । सूरजकुंड रोड पर हुए एक सडक़ हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मानव रचना यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संजय कॉलोनी निवासी तरुण प्रताप सिंह के रूप में हुई है। परिजन शुभदीप ने शनिवार को बताया कि तरुण प्रताप सिंह एक निजी बैंक में कर्मचारी थे और सेक्टर-16 स्थित शाखा में कार्यरत थे। वह किसी काम से स्कूटी पर सूरजकुंड रोड की ओर जा रहे थे, तभी मानव रचना यूनिवर्सिटी के पास एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया कि कार की टक्कर से तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तरुण अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रीन फील्ड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार और स्कूटी दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक कार ड्राइवर की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।