पश्चिमी सिंहभूम, 22 फ़रवरी ।
नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्रों में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए रविवार को टाटा कॉलेज परिसर, चाईबासा स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को विधिवत रवाना किया गया। पूरे परिसर में प्रशासनिक चहल-पहल के बीच मतदान कर्मियों को जरूरी सामग्रियां सौंपकर उनके-अपने बूथों के लिए भेजा गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार ने मतदान दलों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि चाईबासा नगर परिषद के 38 और चक्रधरपुर नगर परिषद के 49 मतदान केंद्रों सहित कुल 87 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में 8-8 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8-8 सेक्टर पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। कुल 87 मतदान दलों में 435 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक दल में एक पीठासीन पदाधिकारी के साथ पी 1, पी2, पी3 और पी4 के रूप में कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मतदान बैलेट पेपर से होगा। चक्रधरपुर के लिए 136 और चाईबासा के लिए 108 मतपेटियों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर 1250 पुलिस बल तैनात किए गए हैं, जबकि निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए 40 वाहनों की व्यवस्था की गई है।
अध्यक्ष पद के लिए हल्के गुलाबी रंग का मतपत्र और वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद मतपत्र निर्धारित किया गया है। मतदाताओं और आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन सह नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 9835220231 मतदान समाप्ति तक सक्रिय रहेगा।
डिस्पैच के दौरान सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर और उत्तम प्रसाद भी मौजूद रहे और तैयारियों की समीक्षा की।