नई दिल्ली, 21 अगस्त । केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमित शाह ने एक्स पर कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। उत्तर प्रदेश में अपराध-मुक्त प्रशासन की शुरुआत करके, कल्याण सिंह ने राज्य में सुशासन को धरातल पर उतारने का काम किया। अपने सिद्धांतों के लिए सत्ता का त्याग करने वाले बाबूजी ने यह साबित कर दिया कि उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। संगठन से लेकर सरकार तक, उनका संपूर्ण जीवन हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के एक सशक्त स्तंभ और सिद्धांतवादी नेता थे, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को स्थापित करने और उसे जन-जन तक पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के सूत्रधार उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रहे ‘पद्म विभूषण’ कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। राष्ट्र की प्रगति के प्रति समर्पण और समाज की निस्वार्थ सेवा के लिए ‘बाबू जी’ सदैव याद किए जाएंगे।
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारितामंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि ‘पद्म विभूषण’ सामाजिक सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति आपका समर्पित जीवन सबके लिए अनुकरणीय है। समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए किए गए आपके प्रयास भावी पीढ़ियों को भी सदैव प्रेरित करेंगे।केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।