सुपौल, 28 फ़रवरी । आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को ललितग्राम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी ने की।
बैठक में हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्व को भाईचारे के साथ मनाने पर सहमति जताई। इस अवसर पर थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान डीजे पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति कानून की अनदेखी कर डीजे का प्रयोग करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान अशांति फैलाने, आपसी सौहार्द बिगाड़ने या शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
थानाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसलिए किसी भी प्रकार से शराब का सेवन, बिक्री या तस्करी कानूनन अपराध है। होली के मद्देनजर शराब बेचने वाले तस्करों एवं शराब पीकर उपद्रव करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मधुबन्नी पंचायत के मुखिया सितानंद झा, मोहम्मद समसुल होदा, बोवा प्रसाद गुप्ता, बाबू साहेब झा, गोपाल झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।