अरविंद केजरीवाल ने विशेषाधिकार समिति को लिखा पत्र, होली के अगले दिन होंगे उपस्थित

Spread the love

नई दिल्ली, 03 मार्च । आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वे समन के अनुसार 6 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे। यह मामला दिल्ली विधानसभा परिसर में कथित “फांसी घर” की मौजूदगी से जुड़े विवाद से संबंधित है, जिसमें पूर्व आआपा सरकार के दौरान उठाए गए दावों की प्रामाणिकता पर सवाल हैं।

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने समिति को पत्र भेज दिया है और पारदर्शिता के लिए कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने की अपील की है।

केजरीवाल ने पत्र में दिल्ली सरकार पर हमला करते हुए कहा कि शहर प्रदूषण से जूझ रहा है, सड़कें टूटी हुई हैं, हर जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

उल्लेखनीय है कि विशेषाधिकार समिति ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, राम निवास गोयल और राखी बिरला को पहले समन जारी किए थे, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। फरवरी में समिति ने उन्हें अंतिम मौका देते हुए 6 मार्च की तारीख तय की, जिसे अब केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया है।

9 अगस्त, 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ब्रिटिश काल की दिल्ली विधानसभा की इमारत के एक कमरे का उद्घाटन ‘फांसीघर’ के रूप में किया था। पिछले साल भाजपा के सत्ता में आने के बाद विधानसभा में यह मुद्दा उठाया गया था। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दावा किया कि जिसे ‘फांसीघर’ कहा जा रहा है, वह वास्तव में भोजन वितरण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला ‘टिफिन रूम’ था। उन्होंने विधानसभा भवन के वास्तुशिल्प डिजाइन के 2011 के एक मानचित्र के माध्यम से इसकी पुष्टि की।