हाेलिका दहन के दूसरे दिन चंद्रग्रहण से मंदिरों के कपाट बंद रहे, नही खेली गई हाेली

Spread the love

जगदलपुर, 03 मार्च । आज फाल्गुन मास की पुर्णिमा तिथि पर साल 2026 का पहला चंद्रग्रहण पड़ रहा है। चंद्रग्रहण पड़ने से सुबह से सभी मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए, आज मंगलवार काे पूरे दिन मंदिरों के कपाट बंद रहे। अब कल बुधवार सुबह शुद्धिकरण के बाद मंदिरों के कपाट खोले जाएंगे।

वहीं दूसरी ओर हाेलिका दहन के दूसरे दिन रंगाें का त्याेहार हाेली नही खेली गई, आज बुधवार काे हाेली खेली जायेगी । गौरतलब है कि यह चंद्रग्रहण लगभग 3 घंटे 27 मिनट का होगा। ऐसे में शास्त्रगत नियत के अनुसार चंद्रग्रहण का सूतक चंद्रग्रहण लगने से 9 घंटे पूर्व ही शुरू हो गया है। इस हिसाब से देखें तो आज सुबह 6 बजकर 21 मिनट से चंद्रग्रहण का सूतक लग गया है। इधर सूतक लगने से पूर्व ही बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं। वहीं रियासतकालीन जगन्नाथ मंदिर सहित नगर के सभी मंदिरों, देवी स्थलों, देवालयों के पट भी आज दिन भर बंद रहे ।

ज्योतिषाचार्यो के मुताबिक चंद्रग्रहण का समय भारत में 3 बजकर 21 मिनट से शुरू होगा जो शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। इस दौरान चंद्रमा सिंह राशि में रहेंगे, जहां पहले से छाया ग्रह केतु विराजमान है। सनातन धर्म में चंद्रग्रहण का विशेष महत्व है, चंद्रग्रहण के दौरान कोई शुभ कार्य नहीं किया जाता है।