फगुआ पर जुटान में गूंजे भोजपुरी के स्वर, पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ व मनोरमा देवी का हुआ सम्मान

Spread the love

गोरखपुर, 08 मार्च । भोजपुरी भाषा, लोक संस्कृति और पूर्वांचल की समृद्ध परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से “फगुआ पर जुटान” कार्यक्रम रविवार को गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ। गोरखपुरिया भोजपुरिया परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में शहर के साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों, समाजसेवियों और भोजपुरी भाषा के प्रेमियों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। पूरे परिसर में फागुन के रंग, लोकगीतों की मधुर गूंज और आत्मीय मिलन का वातावरण बना रहा।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंच पर उपस्थित महिलाओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ ही महिला सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करते हुए उपस्थित महिलाओं को पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया गया तथा समाज निर्माण में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की संरक्षिका रीना त्रिपाठी और कार्यक्रम आयोज​​​क गोरखपुरिया भोजपुरिया संस्था के संस्थापक विकास श्रीवास्तव तथा सह-संस्थापक नरेंद्र मिश्र ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम दो मातृशक्तियों—पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ और मनोरमा देवी—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान के इस क्षण ने पूरे कार्यक्रम को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर डॉ. ए.के. पांडेय, डॉ. पी.एन. भट्ट, डॉ. टी.एम. त्रिपाठी, डॉ. संजय पति त्रिपाठी, डॉ. संजयन त्रिपाठी, नवीन श्रीवास्तव, रीता मिश्र, नरेंद्र उपाध्याय, रोहिताश श्रीवास्तव, मुकेश गुप्ता, विजय श्रीवास्तव, रमाशंकर सिंह, विश्वजीत त्रिपाठी, योगेंद्र दूबे, अभिषेक त्रिपाठी, अमेय शुक्ल, सर्वेश दूबे,राम प्रताप विश्वकर्मा, अरविन्द कुमार,भानू मिश्र, मीना पांडेय, माधुरी पांडेय, सुनीता तिवारी, सीता तिवारी, अतुल तिवारी, सुनीषा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, पत्रकार, साहित्यकार और भोजपुरी संस्कृति के प्रेमी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि “फगुआ पर जुटान” जैसे आयोजन भोजपुरी भाषा और लोक संस्कृति को नई ऊर्जा देने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। ऐसे कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।