गुरुग्राम: सात श्रमिकों के शवों को परिजनों का इंतजार, चार घायलों का हो रहा उपचार

Spread the love

गुरुग्राम, 10 मार्च । सिधरावली स्थित सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी के नीचे दबने से सात श्रमिकों की मौत के बाद अब उनके परिजनों के आने का इंतजार है। परिजनों के आने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम होगा। इस हादसे में चार घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस, जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के साथ मिल कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर श्रमिकों को निकाला गया।

सोमवार की देर रात सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी के कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान अचानक मिट्टी गिरने की घटना हो गई। जिसके कारण वहां कार्य कर रहे कई मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। इस सूचना पर पुलिस थाना बिलासपुर जिला गुरुग्राम की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा राज्य आपदा प्रतिक्रया बल व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने पुलिस और प्रशासन के साथ मिल कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मंगलवार की सुबह साढ़े तीन बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मिट्टी में दबे हुए व्यक्तियों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। श्रमिकों में से सात व्यक्तियों की मौत हो गई तथा चार व्यक्ति घायल पाए गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।मरने वाले छह श्रमिक झारखंड के व एक भरतपुर का

इस हादसे में मरने वालों में शिवशंकर निवासी बनिहारा झारखंड, परमेश्वर मेहटो निवासी होन्डई झारखंड, मंगल मेहटो निवासी हाथी बिन्दा झारखंड, भागीरथ गोपे निवासी पोहिता जमशेदपुर झारखंड, सतीश निवासी बुरका जडथल नगर भरतपुर राजस्थान, संजीव गोपे निवासी पोहिता जमशेदपुर झारखंड, धनंजय मेहटो निवासी होन्डई झारखंड शामिल हैं। इन्द्रजीत, शिवकाम चौधरी निवासी नेपाल व दीनदयाल निवासी बांदीकुई राजस्थान निवासी नेपाल घायल हुए हैं। पुलिस टीम द्वारा मृतक व घायल व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क किया गया है। परिजनों के आने पर उनसे शिकायत प्राप्त करके मामले में केस दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।