स्वच्छता अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं : केवल सिंह पठानिया

Spread the love

धर्मशाला, 11 मार्च । राजकीय महाविद्यालय शाहपुर द्वारा बुधवार को शाहपुर के स्कूल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय स्वच्छता अभियान में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने भाग लिया। इस अभियान में कॉलेज के लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ऐसे स्वच्छता अभियानों का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सरकार भी समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में हर गली-मोहल्ले तक स्वच्छता का संदेश पहुंचना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने एनएसएस के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि स्वच्छता अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने गांवों और घरों तक लेकर जाएं।

इसके उपरांत उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शाहपुर स्कूल मैदान की सफाई कर श्रमदान किया तथा प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया।

कार्यक्रम में एनएसएस के जिला समन्वयक डॉ. केशव कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए एनएसएस गतिविधियों और स्वच्छता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकत्रित किए गए प्लास्टिक कचरे को सिहुवां स्थित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई में भेजा जाएगा, जहां इसका वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन और प्रबंधन किया जाएगा।