बिहार के पूर्णिया में युवक के गुदा मार्ग में फंसे ग्लास को सफल ऑपरेशन से निकाला गया

Spread the love

होली की मस्ती एक व्यक्ति के लिए गंभीर मुसीबत बन गई। अमौर प्रखंड के एक व्यक्ति के साथ महाराष्ट्र में होली के दौरान दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसी दौरान कुछ लोगों ने मजाक और बदसलूकी की हद पार करते हुए उसके गुदा मार्ग में शराब पीने वाला स्टील का ग्लास डाल दिया।

घटना के बाद पीड़ित काफी दर्द और परेशानी की स्थिति में रहा। किसी तरह वह लगभग तीन दिनों की ट्रेन यात्रा करके पूर्णिया पहुंचा और यहां चिकित्सकों से संपर्क किया। जांच के दौरान सिग्मॉइडोस्कोपी में पता चला कि उसके रेक्टम में स्टील का ग्लास फंसा हुआ है। मरीज ने कई डॉक्टरों को दिखाया और उसे बेहोश कर ग्लास निकालने की कोशिश भी की गई, लेकिन प्रारंभिक प्रयास सफल नहीं हो सके।

आखिरकार कप्तानपाड़ा स्थित डा आरसी यादव मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में सर्जन डॉ. तारकेश्वर कुमार और एनेस्थेटिस्ट डॉ. विकास कुमार की टीम ने स्पाइनल एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन किया और फंसे हुए स्टील के ग्लास को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। करीब सात दिनों से गंभीर पीड़ा झेल रहे मरीज को इस ऑपरेशन के बाद काफी राहत मिली है।

फिलहाल मरीज को अस्पताल में भर्ती रखकर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार अभी किसी भी प्रकार की आंतरिक चोट से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।