मार्केट लिंकेज, कोल्ड स्टोरेज व कृषि एलाइड सेक्टरों पर हो फोकस:डीएम

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल, 11 मार्च । टाटा ट्रस्ट के उपक्रम हिमोत्थान सोसायटी द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागीय योजनाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिमोत्थान सोसायटी के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के साथ कन्वर्जेंस की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों में केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसानों को बेहतर आय दिलाने के लिए मार्केट लिंकेज पर भी विशेष फोकस किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाजों और अन्य स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार और बेहतर कीमत उपलब्ध करायी जाएगी तो किसानों का उत्पादन स्वतः बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

जिलाधिकारी ने जनपद में कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था होने से किसानों को अपनी उपज को सुरक्षित रखने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें बेहतर कीमत प्राप्त हो सकेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कृषि के साथ जुड़े संबद्ध क्षेत्रों जैसे उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मशरूम उत्पादन, सब्जी उत्पादन आदि पर समेकित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी नयी पहल को पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाए।

जिलाधिकारी ने एक सुदृढ़ समन्वय मैकेनिज्म विकसित करने तथा बैठक में प्राप्त सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, हिमोत्थान सोसायटी से डॉ राजेंद्र कोश्यारी, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद आदि शामिल रहे।