स्ट्रीट लाइटों से वाराणसी शहर की सड़कों पर अंधेरा होगा दूर

Spread the love

वाराणसी, 12 मार्च (हि. स.)। वाराणसी में नवरात्रि व अन्य त्योहारों को देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सभी वार्डों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक कराने और आवश्यकतानुसार नई लाइटें लगाने को लेकर खाका तैयार किया गया। स्ट्रीट लाइटों के चमक उठने पर वाराणसी शहर की सड़कों पर अंधेरा पूर्णरूप से दूर हो जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर नगर निगम के अधिकारी व्यवस्था के हर पहलू को लेकर नजर बनाए रखेंगे। व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भरपूर प्रयास करेंगे। स्वच्छता कार्य से कोई समझौता नहीं होगा। वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में संचालित निजी पार्किंग की गिनती कराई जा रही है। बाहर से आने वाले लोगों को निजी पार्किंग संचालकों से कोई कठिनाई न हो, इसके लिए संचालकों से पार्किंग शुल्क पर आई आपत्तियों के निस्तारण के लिए विवरण मांगा गया है। शहर को जाम से बचाने के लिए ऑटो व ई-रिक्शा के लिए ‘पिक एंड ड्रॉप प्वांइट बनाने की योजना बनी है। यह योजना आगे भी शहर के लिए कारगर सिद्ध होगी।