राज्य स्तरीय जूनियर बालक व बालिका कुश्ती चैंपियनशिप के लिए मुरादाबाद के 9 खिलाड़ी चयनित

Spread the love

मुरादाबाद, 12 मार्च । उत्तर प्रदेश में होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर अंडर 20 बालक व बालिका कुश्ती चैंपियनशिप के लिए मुरादाबाद जनपद के 9 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

रामगंगा विहार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को हुए चयन प्रक्रिया के तहत

प्रतिभागियों ने अपने दमखम तकनीक और दांव पेच का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस दौरान चयनकर्ताओं ने प्रत्येक मुकाबले के प्रदर्शन को बारीकी से देखा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी उसमें से चयनित किए।

जिला कुश्ती संघ के सचिव पवन सिसोदिया ने बताया कि उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से राज्य स्तरीय जूनियर अंडर 20 बालक व बालिका कुश्ती चैंपियनशिप 31 मार्च से 2 अप्रैल तक वाराणसी में आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के दो बालिका और सात बालक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इन खिलाड़ियों का चयन करतार पहलवान, कोच गोविंद यादव, सुनील चौधरी, वीर सिंह, अंजली सिंह और दीपक सिंह की देखरेख में आज संपन्न हुआ। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर मुरादाबाद जनपद का नाम रोशन करेंगे।

पवन सिसोदिया ने आगे बताया कि चयनित खिलाड़ियों में फ्री स्टाइल बालक वर्ग में 57 किलोग्राम में क्रश, 61 किलोग्राम में सुजल दिवाकर, 65 किलोग्राम में अभिषेक, 74 किलोग्राम में कृष्ण कुमार, ग्रीको रोमन बालक वर्ग में 55 किलोग्राम में वंश, 66 किलोग्राम में मोहम्मद समीर, 63 किलोग्राम में रवि कुमार, बालिका वर्ग में 50 किलोग्राम में राशिका कसाना और 53 किलोग्राम में निशी गुर्जर चयनित हुई हैं।