कैथल, 12 मार्च । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कैथल पहुंचकर विभिन्न शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
सबसे पहले मुख्यमंत्री हैफेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश भगत के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पिता स्वर्गीय अमरनाथ भगत के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मिलकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि स्व. अमरनाथ भगत वरिष्ठ भाजपा नेता थे, जिनका गत आठ मार्च को निधन हो गया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा के आवास पर पहुंचे और उनके पिता स्व. जगत सिंह मलिक के निधन पर शोक व्यक्त किया। स्व. जगत सिंह मलिक गांव पाथरी के पूर्व सरपंच भी रहे थे और उनका हाल ही में देहांत हो गया था। मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य संजय चौधरी के घर जाकर उनकी माता स्व. शकुंतला देवी के निधन पर भी शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।
इस अवसर पर हरियाणा के पंचायत एवं विकास, खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ सहित अनेक भाजपा नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।