जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण

Spread the love

सारण, 13 मार्च । जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से मशरक क्षेत्र से आए उन सात मरीजों से मुलाकात की, जिनका इलाज वर्तमान में अस्पताल में चल रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने प्रत्येक मरीज के पास जाकर व्यक्तिगत रूप से उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति, उपचार की प्रक्रिया और रिकवरी की प्रगति पर विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने जिले के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश जारी किया है।

उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति अस्वस्थ महसूस करता है, तो उसे बिना विलंब किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराएं। प्रशासन सभी नागरिकों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए निरंतर निगरानी करने का टास्क सौंपा गया है।