नैनीताल, 14 मार्च । एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में तल्लीताल पुलिस ने पायलट बाबा आश्रम में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आश्रम के सेवादार सम्पूर्णानंद त्रिपाठी ने तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च की रात पूर्व सेवादार संजू और दीपक कुमार ने खिड़की तोड़कर मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी कर ली थी। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। नैनीताल के पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देश पर नगर क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मनोज नयाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच कर 14 मार्च को भूमियाधार माता मंदिर के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय कार्की उर्फ संजू (20) और दीपक कुमार (21) निवासी रानीबाग काठगोदाम के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी की गई ₹1324 नगदी बरामद की गई है। मामले में थाना तल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।