चतरा, 16 मार्च । समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को चतरा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई और सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर समारोह में संबंधित जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या 18 के वार्ड पार्षद प्रेमचंद साव और वार्ड संख्या 11 की वार्ड पार्षद वेदवती जायसवाल की ओर से नामांकन दाखिल किया गया था। मतदान के बाद मतगणना कराई गई। जिसमें प्रेमचंद साव को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि वेदवती जायसवाल को 08 मत ही मिले। वहीं एक मत अमान्य घोषित किया गया। बहुमत प्राप्त होने पर प्रेमचंद साव को चतरा नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।